“पैसा डबल” के झांसे में 18 लाख की ठगी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पैसा डबल करने का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर ने जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर ग्राम चेउडीह निवासी कार्तिकेश्वर रात्रे से फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद मिलाकर बड़ी रकम ऐंठ ली।
पीड़ित ने आरोपी की बातों में आकर खेत गिरवी रखा और परिचितों से उधार लेकर पैसे की व्यवस्था की थी। आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने का बहाना बनाता रहा, लेकिन न तो मुनाफा मिला और न ही रकम वापस की गई। शिकायत मिलने पर पामगढ़ थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसा डबल करने और फर्जी निवेश योजनाओं के झांसे में आने से बचें।




