जांजगीर-चाम्पा
भारतमाला निर्माणाधीन मार्ग सील, अब इस रास्ते से नहीं गुजरेंगे वाहन

जांजगीर-चाम्पा – निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर लगातार हादसों की आशंका को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। पुलिस की पहल पर उरगा–बलौदा और पंतोरा–बिलासपुर के निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
यातायात पुलिस के पत्राचार के बाद भारतमाला परियोजना प्रबंधन ने निर्माणाधीन मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है, ताकि सड़क निर्माण सुरक्षित और बिना बाधा के पूरा हो सके। पुलिस का कहना है कि इस मार्ग पर अभी एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी और अन्य आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे में यहां वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक इस मार्ग का उपयोग न करें और केवल वैकल्पिक सुरक्षित रास्तों से ही यात्रा करें।




