दिव्यांग दंपतियों के सामूहिक विवाह में एसपी ने दिया नशामुक्ति और हेलमेट सुरक्षा का संदेश

धमतरी में एक प्रेरणादायी और अनोखी पहल देखने को मिली, जहां दिव्यांग दूल्हा-दुल्हनों के सामूहिक विवाह समारोह को सामाजिक जागरूकता से जोड़ा गया। इस अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा नशा मुक्ति और हेलमेट सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता बारात निकाली गई।
एक्जैक्ट फाउंडेशन रुद्री के सहयोग से आयोजित इस पवित्र सामूहिक विवाह समारोह में तीन दिव्यांग दंपतियों का विवाह विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बनाते हुए धमतरी पुलिस की यातायात शाखा द्वारा नशा मुक्ति एवं सड़क सुरक्षा पर आधारित विशेष बारात शोभायात्रा निकाली गई, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को जागरूक किया गया।
बारात के दौरान लोगों को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे अहम उपाय है। साथ ही नशे के दुष्परिणामों से समाज और परिवार को होने वाले नुकसान पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की गई।
इस जागरूकता रैली में पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मणिशंकर चंद्रा, सीएसपी धमतरी श्री अभिषेक चतुर्वेदी, यातायात प्रभारी श्री के.आर. साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। एसपी सूरज सिंह परिहार ने बारात में शामिल होकर नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद दिया और प्रतीक स्वरूप हेलमेट भेंट किए। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का सुरक्षा कवच है।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है, जबकि ट्रैफिक नियमों का पालन कर हम अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। धमतरी पुलिस की यह पहल सामाजिक समरसता, सुरक्षा जागरूकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।




