फेसबुक पर शादी का झांसा देकर 14 लाख की ठगी, बैंक खाता देने वाला आरोपी गिरफ्तार

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहाँ फेसबुक के जरिए शादी का झांसा देकर एक युवती से करीब 14 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है।
मामला हिरी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता संध्या रत्नाकर, उम्र 22 वर्ष, निवासी धौराभाठा ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार 19 मार्च से 2 अप्रैल 2024 के बीच समीर गुप्ता नामक युवक ने फेसबुक पर संपर्क कर शादी का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
धमकी के जरिए आरोपी और उसके साथियों ने अलग-अलग बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के माध्यम से फोनपे से करीब 12 से 14 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में पुलिस ने धारा 420 भादवि और 66(घ) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान बैंक खाता धारक योगेश कुमार उर्फ अमन चतुर्वेदी को संदेही मानते हुए गुरुग्राम, हरियाणा से तलब किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लालच में आकर अपने साथी संजय कुमार के कहने पर ठगी के लिए अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने देता था। उसे खाते में आने वाली रकम पर 5 प्रतिशत कमीशन देने की बात तय हुई थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल व्हाट्सएप चैटिंग के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर कराने में किया गया। मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी योगेश कुमार उर्फ अमन चतुर्वेदी, उम्र 19 वर्ष, को 29 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल मुख्य आरोपी संजय कुमार निवासी बिहार और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सतर्क रहें और किसी भी तरह के लालच या धमकी में आकर आर्थिक लेन-देन न करें।




