ड्रॉप एंड गो में नियमों की अनदेखी, उसलापुर स्टेशन पार्किंग कर्मियों पर यात्रियों से जबरन वसूली का आरोप

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर मंडल के उसलापुर रेलवे स्टेशन में पार्किंग कर्मचारियों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। नियमों की खुलेआम अनदेखी और यात्रियों से जबरन वसूली के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। ताज़ा मामला सोमवार दोपहर का है, जहां महज़ 30 सेकेंड की देरी को लेकर पार्किंग कर्मी और एक कार चालक के बीच तीखी बहस हो गई।
दरअसल रेलवे नियमों के अनुसार ड्रॉप एंड गो के लिए 7 मिनट तक पार्किंग फ्री है, लेकिन संबंधित कार चालक पार्किंग से निकलते वक्त महज़ 30 सेकेंड लेट हो गया। आरोप है कि यह देरी भी पार्किंग कर्मी की गलती से हुई, क्योंकि एक्ज़िट गेट पर अनावश्यक रूप से रोक दिया गया था। इसके बावजूद कर्मचारी ने कार चालक से पैसे की मांग शुरू कर दी। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच बहस हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी कर्मचारी के रवैये पर सवाल उठाए। आखिरकार दबाव बढ़ने पर पार्किंग कर्मचारी को कार चालक की बात माननी पड़ी और बिना शुल्क लिए वाहन को बाहर जाने दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। रोज़ाना पार्किंग एक्ज़िट पर गेट बंद कर दिए जाते हैं, जिससे लंबा जाम लग जाता है। जाम में फंसे वाहन चालकों का समय निकल जाता है और बाद में इसी देरी को आधार बनाकर उनसे पैसे वसूले जाते हैं। सवाल यह है कि जब नियम स्पष्ट हैं, तो फिर यात्रियों को परेशान क्यों किया जा रहा है? अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इस मनमानी पर कब तक लगाम लगाता है या यात्रियों को ऐसे ही परेशानी झेलनी पड़ेगी।



