भीषण सड़क हादसा, ट्रक-कार की आमने-सामने टक्कर, 1 की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल….

धमतरी ज़िले के देमार गांव में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर यहां भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जहां तेज़ रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे में कार सवार पांच लोगों में से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि कांकेर ज़िले के पखांजूर निवासी पवित्रा हलधर, विपुल सहित पांच लोग कार में सवार होकर किसी काम से रायपुर गए थे। वापस लौटते समय ग्राम देमार के पास उनकी कार की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई।
फिलहाल सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, वहीं हादसे में मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अर्जुनी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




