धमतरी
मंदिर परिसर में घुसा भालू, शिवलिंग के पास तेल का ढक्कन खोलते वीडियो वायरल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : धमतरी से एक हैरान करने वाला और दिलचस्प मामला सामने आया है। बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के देवपुर स्थित शासकीय आवास जेडी कॉलोनी परिसर में एक भालू रेलिंग फांदकर शिव मंदिर तक पहुंच गया। भालू मंदिर के भीतर शिवलिंग के पास रखे तेल के डिब्बे का ढक्कन खोलते हुए दिखाई दिया।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कोई इसे आस्था से जोड़कर देख रहा है, तो कुछ लोगों का कहना है कि भालू भोजन और पानी की तलाश में मंदिर परिसर तक पहुंचा होगा।
गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर वन विभाग को अवगत कराया गया है। यह घटना एक बार फिर रिहायशी इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है।




