बिलासपुर में दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश, दुकानदार की बहादुरी से टली वारदात, CCTV में कैद बदमाश

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए, जहां दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर लूट की कोशिश की गई। हालांकि दुकानदार की हिम्मत से बड़ी वारदात टल गई।घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा इलाके की है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे चाय दुकान संचालक लखन लाल देवांगन अपनी दुकान की ओर जा रहे थे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि दो बदमाशों ने बंदूक तान दी, जबकि तीसरे ने सोने की चेन लूटने की कोशिश करते हुए गोली मारने की धमकी दी।अचानक हुए हमले से दुकानदार कुछ पल के लिए घबरा गया, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और बदमाशों का विरोध किया।
शोर सुनकर आसपास लोगों के आने की आशंका से घबराकर आरोपी बिना लूट किए ही मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस अज्ञात बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।




