‘अनुभव’ अभियान को मिला शानदार रिस्पॉन्स, 24 घंटे में मिले 100+ फीडबैक

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर रेंज में पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा शुरू किए गए ‘अनुभव’ अभियान को बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। 5 फरवरी को लॉन्च किए गए इस अभियान के तहत थाना, चौकी और पुलिस कार्यालयों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से लोग अपने अनुभव, सुझाव और फीडबैक साझा कर रहे हैं। अभियान के पहले ही 24 घंटों में रेंज के विभिन्न जिलों से 100 से अधिक फीडबैक प्राप्त हुए हैं।
‘अनुभव’ अभियान के तहत प्राप्त सभी फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पहुंच रहे हैं, जहां उन्हें जिलेवार अलग कर समीक्षा के लिए संबंधित जिलों को भेजा जा रहा है। अच्छे सुझावों पर अमल, शिकायतों पर उचित कार्रवाई और संस्थागत सुधार की दिशा में इन फीडबैक को पुलिस अधीक्षकों के माध्यम से हर सप्ताह समीक्षा में लिया जाएगा। इससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह व पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
आम जनता ने इस पहल को सराहते हुए इसे सरल, सहज और प्रभावी फीडबैक सिस्टम बताया है। लोगों का कहना है कि इस व्यवस्था से पुलिस को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने में वास्तविक मदद मिलेगी। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने अधिक से अधिक नागरिकों से ‘अनुभव’ क्यूआर कोड स्कैन कर अपने अनुभव साझा करने की अपील की है, ताकि पुलिस व्यवस्था को जनअपेक्षाओं के अनुरूप और बेहतर बनाया जा सके।




