छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में DySP पर चाकू से हमला, पुरानी रंजिश बनी वजह; आरोपी युवक-युवती हिरासत में

दंतेवाड़ा। सुकमा जिले के उप पुलिस अधीक्षक (DySP) तोमेश वर्मा पर शुक्रवार को दंतेवाड़ा के बाजार क्षेत्र में चाकू से हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। हमले में DySP घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार DySP तोमेश वर्मा न्यायालयीन प्रकरण के सिलसिले में दंतेवाड़ा जिला न्यायालय आए हुए थे। इसी दौरान बाजार क्षेत्र में एक युवक और एक युवती ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Advertisement

प्राथमिक जांच में आरोपियों की पहचान रमाशंकर साहू, निवासी दुर्ग और राधा (परिवर्तित नाम) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों और DySP से जुड़ा एक प्रकरण पूर्व में जिला दुर्ग में विचाराधीन था, जिसमें सितंबर 2025 में दोषमुक्ति हुई थी। प्रारंभिक तौर पर इसी मामले से जुड़ी पुरानी रंजिश को हमले का कारण बताया जा रहा है।

घटना के तुरंत बाद दंतेवाड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है।

Related Articles

Back to top button