खुड़िया वन परिक्षेत्र में रेत के अवैध खनन पर वन विभाग की कार्रवाई, ट्रैक्टर जप्त

(हिमांशु लाल) : वन विभाग की टीम ने ग्राम चचेडी के वन क्षेत्र में अवैध रेत खनन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ने में सफलता हासिल की है। विभाग ने वाहन को जप्त कर राजसात की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डीएफओ अभिनव कुमार के निर्देशन और एसडीओ दशांश सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में खुड़िया वन परिक्षेत्र अधिकारी रुद्र कुमार राठौर ने रविवार देर रात कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर टीम ने कक्ष क्रमांक 493 में दबिश दी, जहां आरोपी ग्राम झलरी निवासी अरुण पात्रे पिता पदुम पात्रे को रेत खनन और परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू की है। गौरतलब है कि खुड़िया वन परिक्षेत्र के ग्राम चचेडी में लगातार अवैध उत्खनन और लकड़ी तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। विभाग अब तक करीब 2 माह में 9 वाहनों को जप्त कर चुका है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी रुद्र कुमार राठौर ने बताया कि : “रात में की गई कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध रेत खनन और परिवहन करते हुए पकड़ा गया है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की गई है।




