SLS सोनकर स्कूल की छात्रा दूसरी मंजिल से गिरी, हालत नाजुक, परिजनों ने लगाया प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

(मनीष नामदेव) : मुंगेली – शहर के S.L.S सोनकर स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 10वीं कक्षा की छात्रा आरती सिंह दूसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद छात्रा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया है।
इधर, छात्रा के पिता बबलू सिंह ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छुट्टी के काफी देर बाद भी बच्ची घर नहीं पहुँची, तब उन्होंने स्कूल से संपर्क किया और तब जाकर उन्हें हादसे की जानकारी दी गई। पिता का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने समय रहते सूचना नहीं दी और उनकी बच्ची की जान जोखिम में डाल दी।
वहीं, इस मामले पर स्कूल के प्राचार्य का कहना है कि घटना छुट्टी के समय करीब 3:30 बजे हुई, जब अधिकांश छात्र-छात्राएँ स्कूल से जा चुके थे। उन्होंने कहा कि उन्हें भी यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रा दूसरी मंजिल से कैसे गिरी। हालांकि, प्रबंधन का दावा है कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई थी।
यह हादसा एक बार फिर स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।




