AI APP में विडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर 8 लाख रूपये की वसूली, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने महिला को AI ऐप में वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूल लिए। पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी उमाशंकर भारती लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहा था। पहले तो उसने डराकर 8 लाख रुपये वसूल लिए, लेकिन इसके बाद भी वह और रकम की मांग करने लगा।जब पीड़िता ने मना किया, तो आरोपी ने AI ऐप के ज़रिए उसके फोटो को वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। जानकारी मिली कि वह साहू होटल के पास मौजूद है, जहाँ से आरोपी उमाशंकर भारती उर्फ दादु (27), निवासी ग्राम उमदा, पुरानी भिलाई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 377/2025, धारा 308(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज और उनकी टीम — आरक्षक अरविंद मेढे, संजय मनहरे, बंटी सिंह, राजकुमार सिंह और ईश्वर भारद्वाज की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल और डिजिटल माध्यमों की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कहीं और भी इसी तरह की हरकत तो नहीं की।




