देशी कट्टा और नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुम्हारी थाना क्षेत्र में एक आरोपी को देशी कट्टा और भारी नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खारून नदी स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक बोरी में अवैध हथियार रखकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही संदेही भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश आष्टिकर, निवासी कबीर नगर रायपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो लाख रुपये नगद और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी हथियार और रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरूषोत्तम कुर्रे समेत कुम्हारी थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध हथियार और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।




