दुर्ग

पहली बार हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई से नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है, जहां दुर्ग पुलिस ने पहली बार हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना भिलाई नगर पुलिस द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत की गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोरसी रोड स्थित बीज विकास निगम के पास कुछ लोग अवैध गांजा बेच रहे हैं।

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लगभग 2 किलो सामान्य गांजा और 2.3 ग्राम हाई-क्वालिटी हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार हाइड्रोपोनिक गांजा खास तकनीक से उगाया जाता है, जो सामान्य गांजे से अधिक महंगा और प्रभावी होता है।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम साहू (29 वर्ष) और यश विश्वकर्मा (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भिलाई के ही निवासी हैं। इनके पास से नशा सेवन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, मोबाइल फोन और बड़ी मात्रा में नगदी भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क के अन्य आरोपियों और मादक पदार्थ के स्रोत की जांच भी जारी है। दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button