पुलिस और RPF की बड़ी कामयाबी, अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़.

जांजगीर-चांपा – रेलवे स्टेशन के आसपास सक्रिय अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। चांपा पुलिस और RPF की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह के दो सदस्य पकड़े गए हैं। ये आरोपी सुनसान रेलवे स्टेशन क्षेत्रों में बाइक चुराकर उन्हें अलग-अलग जिलों में छुपाते थे। पकड़े गए आरोपियों के नाम रोशन भट्ट (19 वर्ष, रायगढ़ निवासी) और प्रमोद चौहान (20 वर्ष, कोरबा निवासी) हैं, जो ट्रेन में घूम-घूमकर सामान बेचने की आड़ में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पूरा मामला तब उजागर हुआ जब जैजैपुर निवासी राधेश्याम धिरहे ने चांपा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई को रेलवे स्टेशन चांपा से उसकी बाइक चोरी हो गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए CCTV फुटेज की जांच शुरू की और दो संदिग्धों की पहचान की।
फुटेज के आधार पर आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात को कबूल किया। उनकी निशानदेही पर रायगढ़, कोरबा, सक्ती, रायगढ़ व अन्य स्टेशनों से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹8 लाख बताई जा रही है।
बरामद मोटरसाइकिलों में शामिल हैं: हीरो पैशन प्रो – 03 नग, एचएफ डिलक्स – 03 नग, यामहा – 01 नग, स्प्लेंडर – 01 नग, पल्सर – 01 नग, होंडा – 01 नग।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, RPF प्रभारी पुरुषोत्तम तिवारी, SI डीके हरवंश समेत पुलिस व RPF टीम की अहम भूमिका रही। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।




