मुठभेड़ में 8 लाख का इनामी माओवादी डिप्टी कमांडर ढेर, रायफल समेत भारी विस्फोटक बरामद.

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। PLGA बटालियन नंबर 01 की कंपनी नंबर 02 का डिप्टी कमांडर और 8 लाख रुपये का इनामी माओवादी सोढ़ी कन्ना मुठभेड़ में मारा गया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा 202 व 210 तथा सीआरपीएफ यंग प्लाटून की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई से इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान माओवादियों से रुक-रुक कर मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ के बाद इलाके की तलाशी में एक माओवादी का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान डिप्टी कमांडर सोढ़ी कन्ना के रूप में हुई। वह कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रहा था, और सीसीएम माड़वी हिडमा का करीबी सहयोगी था।
मुठभेड़ स्थल से .303 रायफल, एके-47 के राउंड, माओवादी वर्दी, विस्फोटक सामग्री, कोडेक्स वायर, डेटोनेटर, पिट्ठू बैग, नक्सली साहित्य और रेडियो समेत कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की गई हैं।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि बीते 18 महीनों में सुरक्षा बलों द्वारा 415 हार्डकोर नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जो रणनीतिक सफलता का प्रमाण है।
उन्होंने यह भी कहा कि मानसून की भीषण चुनौतियों के बीच भी DRG, STF, CoBRA, CRPF, BSF, ITBP, CAF और बस्तर फाइटर्स जैसी बल टीमें पूरे समर्पण के साथ नक्सली विरोधी अभियान चला रही हैं।




