जांजगीर-चाम्पा

20 लाख की लूट का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपी गिरफ्तार….

जांजगीर-चाम्पा – चाम्पा क्षेत्र में 20 लाख रुपए से अधिक की सनसनीखेज लूट और अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मास्टरमाइंड योगेश रात्रे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सायबर टीम और थाना चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लूट की बड़ी रकम भी बरामद की गई है।

Advertisement

दरअसल, 9 जनवरी को अरविंद इंडस्ट्रीज चाम्पा के सुपरवाइजर हरीश देवांगन से सक्ती से कलेक्शन कर लौटते समय 20 लाख 18 हजार 700 रुपए की लूट की गई थी। आरोपियों ने कोसमंदा तालाब के पास हरीश की आंखों में मिर्ची पावडर फेंककर पहले हमला किया, फिर जबरन कार में बैठाकर उसका अपहरण कर लिया।आरोपी हरीश को डरा-धमकाकर मैनपाट ले गए और रात के अंधेरे में उसे गहरी खाई में धक्का देकर फरार हो गए। गंभीर हालत में हरीश पूरी रात खाई में फंसा रहा और सुबह किसी तरह सड़क तक पहुंचकर घटना की जानकारी दे सका।

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सायबर टीम ने चाम्पा, बलौदा और कोरबा क्षेत्र के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की जांच की। संदिग्ध कार की पहचान कर पुलिस ने मास्टरमाइंड योगेश रात्रे, जमुना सेवायक, महेश्वर दिवाकर और अमीर मिरी को गिरफ्तार किया।

 

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने दो माह पहले ही लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 13 लाख 75 हजार रुपए नगद, घटना में प्रयुक्त वेन्यु कार, चाकू, बेसबॉल स्टीक और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि सायबर टीम की तकनीकी जांच और सतर्कता से यह बड़ा मामला सुलझाया जा सका है। फिलहाल आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button