नशीले सिरप की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार….

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास एक्सप्रेस-वे रोड से प्रतिबंधित नशीली सिरप की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 240 नग CC-Coff प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद की गई है।
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक उत्तर प्रदेश के मौदहा जिले का रहने वाला है, जबकि दो आरोपी रायपुर के निवासी हैं। जब्त की गई प्रतिबंधित नशीली सिरप की कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में शहनवाज खान (19), स्वलिन वैष्णव (24) और सलाउद्दीन (22) शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी यह प्रतिबंधित सिरप उत्तर प्रदेश के मौदहा से रायपुर लाकर सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में भी पुलिस अन्य आरोपियों और इस नेटवर्क के पीछे के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।




