रायपुर
दोपहिया वाहन शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

राजधानी रायपुर में एक बार फिर आग ने विकराल रूप दिखाया है। खमतराई थाना क्षेत्र में स्थित हीरो कंपनी के दोपहिया वाहन शोरूम में आज अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन शोरूम में खड़े कई दोपहिया वाहन और सामान जलकर राख हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।




