गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए हादसे में 3 की मौत, CM विष्णु देव साय ने जताया दुःख, सहायता राशि की घोषणा

जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के जुरुडांड में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद हृदयविदारक घटना है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साथ ही शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों की समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी घायल को इलाज में किसी तरह की कमी न होने के सख्त निर्देश दिए।
राज्य सरकार ने हादसे में मारे गए तीनों व्यक्तियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए।




