अवैध धान पर पुलिस का एक्शन, 54 क्विंटल धान जब्त.

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही धान तस्करों की सक्रियता बढ़ गई है। लेकिन जशपुर पुलिस और प्रशासन इस बार पूरी तरह चौकन्ना है। लगातार दूसरी बार बड़ी कार्रवाई करते हुए लोदाम पुलिस ने झारखंड से अवैध रूप से लाई जा रही धान की बड़ी खेप पकड़ी है।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के साथ ही सीमावर्ती इलाकों से होने वाली धान की अवैध आवक को रोकने जशपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने सख्त निगरानी शुरू कर दी है। इसी तहत झारखंड सीमा से सटे लोदाम इलाके में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोदाम पुलिस ने झारखंड से अवैध रूप से छत्तीसगढ़ लाई जा रही धान से भरी एक पिकअप और एक ऑटो को पकड़ा है। दोनों वाहनों से कुल 54 क्विंटल धान बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोड़ी रास्ते से एक संदिग्ध ऑटो और तुरी–लोदाम ग्रामीण मार्ग से धान से भरी एक पिकअप जशपुर की ओर लाई जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर ऑटो JH07-D-6538 और पिकअप CG14-DA-2352 को रोका।तलाशी में ऑटो में 14 क्विंटल और पिकअप में 40 क्विंटल धान मिला। दोनों वाहन चालक किसी भी तरह का वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
पकड़े गए चालकों की पहचान शंकर सिंह (गुमला, झारखंड) और आदित्य सिंह (लोदाम, जशपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों और धान की पूरी खेप को आगे की कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन के सुपुर्द कर दिया है।
तीन दिन पहले भी जशपुर पुलिस 12 टन 90 क्विंटल अवैध धान के साथ एक ट्रक और पिकअप पकड़ चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि जशपुर पुलिस ने अवैध धान कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम 24 घंटे सीमा पर निगरानी कर रही है ताकि बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध धान की आमद को पूरी तरह रोका जा सके।




