33 लाख से अधिक की ठगी करने वाला आरोपी झारखंड से गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जशपुर पुलिस को ठगी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। ठगी के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी मिथलेश साहू को झारखंड राज्य के निरशा गांव से गिरफ्तार कर जशपुर लाया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी मिथलेश साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्थलगांव के एक व्यापारी विकास अग्रवाल से मक्का के कारोबार के नाम पर 33 लाख से अधिक रुपये की ठगी की थी। इसके अलावा आरोपी ने सन्ना थाना क्षेत्र में एक किराना व्यापारी से चावल दिलाने के नाम पर 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी भी की थी।
इस मामले में थाना पत्थलगांव व थाना सन्ना में बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। टेक्निकल टीम की मदद व मुखबिर की सूचना पर टीम झारखंड के ग्राम निरशा पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। आरोपी से पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक मिथलेश यादव, आरक्षक पदुम वर्मा और महिला आरक्षक तुलसी रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपी भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।




