जशपुर

बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत, खेत मालिक गिरफ्तार….

जशपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम खूंटीटोली कस्तूरा में एक युवक की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने खेत मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Advertisement

दरअसल, आरोपी बलेरियम एक्का, उम्र 53 वर्ष, ने अपने खेत के चारों ओर नंगे बिजली के तारों में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित कर रखा था। बिना बिजली विभाग की अनुमति के, उसने करीब 800 मीटर दूर बिजली के खंभे से सीधे तार जोड़कर अपने खेत की चारदीवारी कर रखी थी।

Advertisement

23 सितंबर को गांव के ही रहने वाले असलम एक्का (26 वर्ष) अपने खेत की ओर जा रहे थे। असलम की नजर कमजोर थी और चलते समय वह पैर से थाह लेकर धीरे-धीरे आगे बढ़ते थे। रास्ते में वे बलेरियम एक्का के सब्जी बाड़ी के पास पहुंच गए और करंट लगे नंगे तार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पहले तो मामला सोलर झटका मशीन से करंट लगने का माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत हाई वोल्टेज करंट से हुई है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच की और आरोपी से पूछताछ में सच्चाई सामने आई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त बिजली के तार को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

मामले की जांच और कार्रवाई में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस टीम के चम्पा पैंकरा, मोहन बंजारे, अकबर चौहान, विनोद राम और नगर सैनिक दुर्गा प्रसाद गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि – “खेतों या घरों के चारों ओर इस तरह अवैध रूप से बिजली के नंगे तार लगाना जानलेवा और कानूनी अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Related Articles

Back to top button