देश

योगी आदित्यनाथ भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए… शपथ ग्रहण कल..

(शशि कोन्हेर) : लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी योगी आदित्यनाथ को लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना रही है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद 37 वर्ष बाद प्रदेश में किसी एक दल की सरकार की लगातार दूसरी बार ताजपोशी होगी।

भारतीय जनता पार्टी के पर्यवेक्षक अमित शाह के साथ सह पर्यवेक्षक रघुवर दास लखनऊ पहुंचे। भाजपा कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक के बाद शाह के साथ रघुवर दास लोक भवन पहुंचे। लोक भवन में गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

लोक भवन में सुरेश कुमार खन्ना ने योगी आदित्यनाथ को विधायक दल का नेता बनाने का प्रस्ताव रखा। जिसके बाद सभी विधायकों ने अपनी सहमति जताई। योगी आदित्यनाथ को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। योगी आदित्यनाथ के नाम का प्रस्ताव भाजपा के वरिष्ठ विधायक सुरेश कुमार खन्ना ने किया। उस प्रस्ताव पर सभी ने मुहर लगा दी। भाजपा गठबंधन के सभी 273 विधायकों ने योगी आदित्यनाथ को अपना नेता चुना। इसके बाद योगी आदित्यनाथ लोक भवन से राजभवन गए और राज्यपाल को विधायकों की सूची सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

अमित शाह के साथ इस दौरान राधा मोहन सिंह, धर्मेन्द्र प्रधान भी थे। भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा ने भी करतल ध्वनि से भाजपा विधायकों के चयन का स्वागत किया। भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव से पहले अमित शाह ने सभी विधायकों को संबोधित किया। इससे पहले सुरेश कुमार खन्ना ने भाजपा विधायक दल के नेता के लिए योगी आदित्यनाथ के नाम का प्रस्ताव रखा। योगी आदित्यनाथ पहली बार विधानसभा में पहुंचे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button