ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल महिला ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नगरौडी के पास मेन रोड पर 10 अप्रैल की सुबह करीब 8:45 बजे यह हादसा हुआ। खपराखोल निवासी 49 वर्षीय मोहन मती केंवट, जो रोजी-मजदूरी का काम करती थीं, सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से महिला को तत्काल इलाज के लिए आस्था अस्पताल, बिल्हा रोड चकरभाठा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में मातम छा गया।
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर चकरभाठा पुलिस ने मर्ग क्रमांक 18/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और ट्रैक्टर चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




