जेल के अंदर गैंगस्टर स्टाइल रील वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर की सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मस्तूरी गोलीकांड के आरोपी जेल के अंदर से ही सोशल मीडिया पर एक्टिव नजर आ रहे हैं। इनका एक रील वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत अपने साथियों के साथ गाने पर रील बनाते दिख रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो जेल के अंदर शूट किया गया है, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरोपी विश्वजीत अनंत और उसके साथी मस्तूरी गोलीकांड के मुख्य आरोपी हैं। उन्होंने पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
जेल के अंदर से सोशल मीडिया पर रील वायरल होने के बाद प्रशासन में हलचल मच गई है। अब सवाल उठ रहा है कि जेल के भीतर मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और आरोपी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं।
मामले के सामने आने के बाद जांच की बात कही जा रही है। यह घटना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। अब देखना होगा कि इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।




