चलती स्कूल बस का गेट टूटा, बड़ा हादसा टला, बच्चों की जान खतरे में

रायपुर जिले के खरोरा में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां स्कूल बस की खराब हालत ने बच्चों की जान को खतरे में डाल दिया। चलती बस का पिछला गेट अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते लोगों ने बस को रुकवाया और बड़ा हादसा टल गया।
मामला खरोरा में संचालित हो रहे हॉली हार्ट स्कूल का है, जहां छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूल बस का पिछला गेट अचानक चलते-चलते टूटकर सड़क पर गिर गया।बस के पीछे चल रहे लोगों ने जब यह देखा तो तुरंत शोर मचाया और आगे जाकर बस को रुकवाया। इस दौरान बस में बैठे बच्चों की जान बाल-बाल बच गई। अगर समय पर बस नहीं रुकती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना के बाद परिजनों में डर और गुस्सा दोनों साफ नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है और बसों की नियमित जांच नहीं की जा रही।अब देखना होगा कि इस गंभीर लापरवाही पर पुलिस और प्रशासन क्या कार्रवाई करते हैं, फिलहाल बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं… और जिम्मेदारों पर कार्रवाई का इंतजार है।




