
बिलासपुर : मस्तूरी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक की लाश खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल कुर्रे (पिता हरप्रसाद कुर्रे, उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम हिर्री का निवासी था। उसकी लाश सेमहर पारा गांव से 300 मीटर अंदर खेत में औंधे मुंह पड़ी मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और तुरंत इसकी सूचना मस्तूरी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, राहुल के माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं, और वह अपने दादा-दादी के साथ गांव में रहता था। शुक्रवार को वह होली खेलने के लिए दोपहर में घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने उसकी लाश खेत में देखी और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का मानना है कि राहुल की हत्या की गई है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और हर संभव एंगल से मामले को खंगाल रही है।




