देश

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐसा क्यों कहा…हमें नसीहत देने के पहले अपने गिरेबां में झांके कांग्रेस नेता

(शशि कोन्हेर) : पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राहुल गांंधी पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए। दरअसल राहुल गांधी ने आप पर निशाना साधते हुए कहा था कि पंजाब को पंजाब से चलाना चाहिए न कि दिल्ली से। भगवंत मान खुद पंजाब को चलाएं। इसी पर अब पंजाब के सीएम ने जोरदार पलटवार किया है।


क्या कहा मान ने
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र या लोकतांत्रिक मर्यादा के बारे में कुछ भी कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भगवंत मान ने कहा कि उनको पंजाब के लोगों ने मुख्यमंत्री चुना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया था, जबकि मुझे लोगों ने सेवा करने के लिए चुना है।


राहुल पर निशाना
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को कहा कि अधूरी जानकारी हमेशा खतरनाक होती है और यह बात राज्य में यात्रा के दौरान उनके बेबुनियाद बयान साबित कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेसी नेता को याद दिलाया कि उनकी पार्टी ने मुख्यमंत्रियों को कठपुतलियों की तरह नचाकर लोकतंत्र को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस सांसद को इस मुद्दे पर कोई भी बयान देने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।


कैप्टन की दिलाई याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने खुद कैप्टन अमरिन्दर सिंह को मुख्यमंत्री के पद से हटाकर लगभग एक साल पहले उनको जलील किया था। उन्होंने आगे कहा कि यह भी दुखांत है कि मौजूदा राज्य कांग्रेस के प्रधान को चल रही यात्रा के दौरान धक्के मारकर लोगों में बेइज्जत किया जा रहा है। भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेसी नेता भूल गए हैं कि उनके परिवार के हाथ लोकतंत्र के कत्ल से रंगे हुए हैं और लोग उनको इस गुनाह के लिए कभी माफ नहीं करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button