गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट, मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए जारी की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। बीते 24 घंटों में सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई, हालांकि प्रदेश में अब भी मौसमी बारिश सामान्य से 31 प्रतिशत कम है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा संभाग के शंकरगढ़, कुसमी और चांदो समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। शुक्रवार और अगले दो दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, कोरबा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, बलौदा बाजार, रायगढ़, सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर सहित कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।



