बारिश बनी आफत: नए पुल पर गिरा विशाल नीम का पेड़, घंटों जाम में फंसे लोग

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। जगह-जगह जलभराव के बीच नेहरू चौक से सरकंडा जाने वाले नए पुल पर एक विशाल नीम का पेड़ गिर गया, जिससे पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेड़ गिरने के कई घंटे बाद भी मौके पर न तो नगर निगम का अमला दिखाई दिया और न ही ट्रैफिक पुलिस की टीम। सड़क पूरी तरह बाधित होने से दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे और आम नागरिक घंटों जाम में फंसे रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन मौके पर राहत और बचाव की व्यवस्था नजर नहीं आई। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
अब सवाल यह है कि आखिर इस गिरे हुए पेड़ को कब तक हटाया जाएगा और यातायात कब तक सामान्य हो पाएगा। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे दिन लोगों को जाम और बारिश के बीच इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।




