बिलासपुर

शराब दुकान के बाहर मारपीट का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र के व्यापार विहार शराब दुकान के पास दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडों से की गई इस बर्बर पिटाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। सवाल सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे हैं।

Advertisement

 

Advertisement

व्यापार विहार स्थित शराब दुकान के बाहर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष शराब लेने पहुंचे थे। इसी दौरान मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर कहासुनी शुरू हुई और मामला हाथापाई से आगे बढ़कर लाठी-डंडों की बेरहमी तक पहुंच गया।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि चखना दुकान संचालक के साथियों ने एक युवक को बीच सड़क पर लात-घूंसों और लाठी से बुरी तरह पीटा। युवक खुद को बेकसूर बताते हुए छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावर करीब आधे घंटे तक लगातार मारपीट करते रहे। घटना के दौरान कई लोग वहां मौजूद थे, लेकिन हमलावरों की संख्या और उनकी आक्रामकता देखकर कोई आगे नहीं आया। जिन्होंने वीडियो बनाने की कोशिश की, उन्हें भी दौड़ाकर पीटा गया।

हमलावरों में से दो युवकों ने अपना चेहरा गमछे से ढँक रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। अंदेशा है कि उन्हें पहले से पता था कि जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह कि आधे घंटे तक चले इस तांडव की सूचना पुलिस तक नहीं पहुंची, या पहुंची तो भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। शराब दुकान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान में पहले भी विवाद होते रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है, लेकिन आधे घंटे तक खुलेआम सरेआम पिटाई होना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। आरोपी कौन हैं और सुरक्षा में चूक क्यों हुई इन सवालों का जवाब पुलिस को देना होगा।

Related Articles

Back to top button