छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप बढ़ा: कई इलाकों में शीतलहर की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। कई जगहों पर शीतलहर की स्थिति बन गई है और अगले कुछ दिनों में ठिठुरन और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी जारी की है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे शुष्क मौसम के साथ बीते, लेकिन उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई पॉकेट में शीतलहर चली। सरगुजा संभाग में सबसे ज्यादा असर देखा गया, जबकि बिलासपुर और दुर्ग संभाग में भी कुछ इलाकों में तापमान तेजी से गिरा है।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश का सबसे कम तापमान रहा। वहीं दुर्ग में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि देखी जा सकती है। हालांकि, राहत अभी नहीं—उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में आगे भी शीतलहर जारी रहने की चेतावनी है।
मंगलवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। ठंड लगातार बढ़ रही है और शीतलहर का असर आने वाले दिनों में और कड़ा हो सकता है। ऐसे में विशेषज्ञ खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दे रहे हैं।



