बिलासपुर

ट्रेनों में चोरी करने वाले महिला गिरोह पर जीआरपी का एक्शन, नेटवर्क की जांच जारी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – ट्रेनों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय महिला गिरोह के खिलाफ जीआरपी को बड़ी कामयाबी मिली है। बिलासपुर जीआरपी ने गिरोह की सरगना मोनी देवी की निशानदेही पर झारखंड के जामताड़ा में छापा मारकर करीब 6 लाख रुपए कीमत का सोने का नेकलेस बरामद किया है। वहीं चोरी के जेवर खरीदने वाला मुख्य आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।

Advertisement

बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के चार महिला और दो पुरुष सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से करीब 17 लाख रुपए के जेवरात बरामद किए गए थे। पूछताछ में गिरोह की सरगना मोनी देवी ने कई अहम खुलासे किए, जिसके बाद जीआरपी प्रभारी विश्वनाथ चक्रवर्ती के नेतृत्व में टीम उसे लेकर झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम पहुंची। मिहिजाम स्थित मोनी देवी के घर से पुलिस ने करीब 4 तोले का सोने का नेकलेस बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके बाद पुलिस चोरी के जेवर खरीदने वाले आरोपी राजकिशोर साव के घर पहुंची, लेकिन वहां का नजारा देखकर टीम भी हैरान रह गई। घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था, जबकि अंदर महिलाएं छिपी हुई थीं। करीब एक घंटे तक दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद स्थानीय मिहिजाम पुलिस और महिला अधिकारियों को बुलाया गया। काफी समझाइश के बाद अंदर से चाबी दी गई और पुलिस घर के भीतर पहुंची। हालांकि तलाशी के दौरान कोई जेवरात नहीं मिला।

Advertisement

जीआरपी का कहना है कि आरोपी राजकिशोर साव को पहले ही पुलिस कार्रवाई की भनक लग गई थी, इसलिए वह फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी इतना शातिर था कि घर में कोई गहना तक नहीं छोड़ गया था और घर की महिलाओं ने भी कोई आभूषण नहीं पहन रखा था। फिलहाल जीआरपी फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

Related Articles

Back to top button