बिलासपुर

BN City कॉलोनी में हंगामा: कॉलोनाइज़र पर मनमानी, बिजली-पानी रोककर अवैध वसूली के आरोप

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – शहर से लगे बीएन सिटी कॉलोनी में कॉलोनाइज़र की मनमानी और लापरवाही से परेशान कॉलोनीवासियों ने अब मोर्चा खोल दिया है। रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनाइज़र द्वारा मूलभूत सुविधाएं देने के बजाय उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।

Advertisement

बीएन सिटी कॉलोनी में रहने वाले लोगों का आरोप है कि कॉलोनाइज़र बी एन मिश्रा द्वारा कॉलोनी की बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में जानबूझकर बाधा डाली जा रही है। रहवासियों के मुताबिक, कॉलोनी की बिजली लाइन कटवा दी गई, जिसके बाद लोग अपने स्तर पर व्यवस्था कर बिजली और पानी चालू कर रहे हैं, लेकिन इसे भी बार-बार बाधित किया जा रहा है।

Advertisement

इतना ही नहीं, कॉलोनाइज़र पर अपने सहयोगियों के जरिए दबाव बनाने और अवैध वसूली कराने के भी आरोप लगाए गए हैं।कॉलोनीवासियों का कहना है कि “अमन केवट” नाम का व्यक्ति इस पूरे मामले में सक्रिय रूप से शामिल है और लोगों को परेशान कर रहा है। कालोनीनिवासी श्रवण शाह ने बताया हम लोग 2017 से यहां रह रहे हैं।

कई बार कॉलोनाइज़र को सहयोग करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने 14 महीने से बिजली बिल तक जमा नहीं किया। इसके कारण विभाग ने लाइन काट दी। अब हम खुद पैसे इकट्ठा कर कॉलोनी चला रहे हैं, फिर भी हमें परेशान किया जा रहा है।कमल श्रीवास्तव और बृजेश सिंह का कहना है पिछले एक साल से घर-घर जाकर अवैध वसूली की कोशिश हो रही है। नाम तक नहीं बताया जाता। मना करने पर हमें मूलभूत सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। हमने प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

 

रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलोनी में मेंटेनेंस और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाएं पूरी तरह से ठप हैं। आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे लोगों को और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कॉलोनाइज़र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Related Articles

Back to top button