नववर्ष पर बिलासपुर बनेगा ‘क्राइम फ्री सिटी’, कानून न तोड़ें, जिम्मेदार नागरिक बनें : SSP रजनेश सिंह

बिलासपुर – नववर्ष 2026 को लेकर बिलासपुर पुलिस ने शहर को अपराधमुक्त बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासपुर वासियों को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे नए साल का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन कानून का पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि किसी भी स्थिति में ऐसा कोई कृत्य न करें जिससे कानून का उल्लंघन हो और आपको कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़े। नववर्ष के अवसर पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, पुलिस द्वारा 100 होमगार्ड जवानों सहित करीब 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में पेट्रोलिंग टीम और डायल 112 के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।
इंटरसेप्टर और स्पीड रडार से तेज रफ्तार वाहनों पर नजर रखी जाएगी, वहीं ड्रोन कैमरों से भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी होगी। 31 दिसंबर की शाम से 1 जनवरी की सुबह तक डैम, रिसॉर्ट और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष पुलिस पहरा रहेगा, पार्टी आयोजकों, होटल और रिसॉर्ट संचालकों को पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। धार्मिक स्थलों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
पुलिस ने साफ किया है कि शांति भंग, नशे में ड्राइविंग, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, डीजे से शोर और अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बिलासपुर पुलिस का संदेश साफ है नया साल खुशियों और सुरक्षा के साथ मनाएं, कानून का सम्मान करें और शहर को अपराधमुक्त बनाए रखने में सहयोग दें।




