देश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बोले- 1 जनवरी 2024 को अयोध्या में तैयार मिलेगा राम मंदिर

(शशि कोन्हेर) : सबरूम :  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को राम मंदिर से जुड़ी बड़ी घोषणा की। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अयोध्या में 1 जनवरी, 2024 को राम मंदिर तैयार मिलेगा। उन्होंने 2019 लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी की ‘तारीख नहीं बताएंगे’ टिप्पणी पर तंज कसते हुए, यह बड़ा ऐलान किया।

शाह ने राहुल गांधी को दिया जवाब
अमित शाह ने दक्षिण त्रिपुरा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘कांग्रेस ने अदालतों में राम मंदिर के निर्माण में बाधा डाली। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद, मोदीजी ने मंदिर का निर्माण शुरू किया। पीएम मोदी ने भूमि पूजन किया और मंदिर का निर्माण शुरू किया।’ इसके साथ ही उन्होंने 2019 के चुनाव प्रचार के दौरान अपनी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया।

एक जनवरी 2024 को तैयार मिलेगा राम मंदिर’
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ‘2019 के चुनाव प्रचार के दौरान, कांग्रेस नेता राहुल गांधी कहते थे कि मंदिर वही बनाएंगे…तारीख नहीं बताएंगे। आज, राहुल गांधी और सभी को यह सुनना चाहिए कि 1 जनवरी, 2024 को अयोध्या में लोगों के लिए विशाल और आसमान छूता मंदिर तैयार होगा।’

5 अगस्त 2020 को पीएम मोदी ने रखी थी आधारशिला
बता दें कि अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी थी और तभी से मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button