शराब में मिलावट कर 2 युवकों की हत्या, पुलिस ने किया मामले का खुलासा, 2 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा – थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में 15 सितंबर की सुबह शराब सेवन के बाद दो युवकों सूरज यादव व मनोज कश्यप की अचानक तबियत बिगड़ने पर सारंगढ़ के राधा कृष्ण अस्पताल में मृत्यु हो गई। प्राथमिक जांच और पीएम रिपोर्ट के आधार पर मामला संदिग्ध पाया गया और थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 117/2025 के तहत विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में गठित टीम और एसडीओपी चाम्पा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में चलायी गई तफ्तीश में सायबर सेल व स्थानीय थाना स्टाफ की जांच से मुख्य संदिग्ध भोला तण्डन (उर्फ सुरेन्द्र तण्डन) तथा उसका चचेरे भाई अनिल तण्डन गिरफ्तार किए गए। पूछताछ व तकनीकी साक्ष्यों में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दोनों मृतकों से बार-बार होने वाले विवाद व धमकियों से परेशान थे और योजनाबद्ध रूप से अंग्रेजी शराब में सुहागा मिलाकर दोनों को नशे की दवा देकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से संदिग्ध सुहागा का पैकेट/रैपर तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। प्रकरण में धाराएँ 103(1), 61(2), तथा 123 BNS के तहत कार्यवाही कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पकड़े गए आरोपी :
1. भोला तण्डन (उर्फ सुरेन्द्र तण्डन), पिता शिवनाथ तण्डन, उम्र 25 साल, निवासी करही।
2. अनिल तण्डन, पिता शिवनाथ तण्डन, उम्र 35 साल, निवासी करही।




