अंधे कत्ल का खुलासा, प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा – नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरगांव में हुई एक युवती की अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 27 जनवरी 2026 की है, जब रामेश्वर साहू के खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई की गई और सीन ऑफ क्राइम यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। जांच में मृतिका की पहचान 22 वर्षीय युवती के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर जांच और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया कि प्रेम प्रसंग के चलते युवती को खेत में धक्का देकर उसकी हत्या की गई थी और बाद में साक्ष्य छिपाने की कोशिश की गई।
इस मामले में मुख्य आरोपी प्रवीण प्रकाश चंद्रा को पटना बैकुंठपुर, जिला कोरिया से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं, सहयोगी आरोपी लव प्रकाश चंद्रा और केशव चंद्रा को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




