पुरानी रंजिश में हत्या करने वाले नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार…..

जांजगीर-चांपा – थाना अकलतरा पुलिस और साइबर टीम ने कोटमीसोनार गांव में हुए हत्या के मामले का खुलासा करते हुए चंद घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के इस मामले में 4 आरोपी और 2 विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात ग्राम कोटमीसोनार निवासी बालमुकुंद सोनी की उसके ही घर में घुसकर चाकू से हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य आरोपी रोशन दास मानिकपुरी, सौरभ पाठक, लक्की उर्फ चंद्रहास पांडेय, शिवांश पांडेय और उनके दो नाबालिग साथियों ने मिलकर पहले तालाब किनारे हत्या की साजिश रची। इसके बाद देर रात सभी आरोपी मृतक के घर पहुंचे और फटाखा फेंककर उसे बाहर बुलाया। विवाद बढ़ने पर सभी ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बटनदार चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दोनों नाबालिगों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।
जांच में सामने आया कि पंचायत चुनाव के समय मृतक और मुख्य आरोपियों के बीच विवाद हुआ था, जिसे लेकर उनके बीच पुरानी रंजिश बनी हुई थी।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और SDOP प्रदीप कुमार जोशी के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, साइबर प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, तथा टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।




