देश

ओडिशा में दो दिनों में रूस के दो टूरिस्ट की मौत, व्लादिमीर पुतिन के विरोधी नेता होने की वजह से रहस्य गहराया

(शशि कोन्हेर) : ओडिशा के रायगढ़ जिले के एक होटल में रविवार को रूस के दूसरे पर्यटक  की मौत के बाद रहस्य गहरा होता जा रहा है। बी व्लादिमीर नाम के एक रूसी टूरिस्ट की मौत की जांच कर रही ओडिशा पुलिस इस दूसरी मौत की घटना सामने आने के बाद सकते में है।

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक विवेकानंद शर्मा के मुताबिक रूसी सांसद और समाजसेवी पावेल एंटोव की रविवार को होटल की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। एंटोव होटल में बी व्लादिमीर के रूममेट थे। यह मौत आत्महत्या थी, दुर्घटना थी या कुछ और मामला हो सकता है। पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ा रही है।

Vladimir Putin के विरोधी नेता थे Pavel Antov

रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के करोड़पति और चुने गए राजनेता पॉवेल एंटोव  को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन  का विरोधी माना जाता है। यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई को एंटोव ने आतंक बताकर खुली आलोचना की थी। एंटोव अपने 66वें जन्मदिन को लेकर ओडिशा के रायगढ़ इलाके में छुट्टियां मना रहे थे।

एसपी विवेकानंद शर्मा ने कहा कि 61 साल के बी व्लादिमीर का पिछले गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया था। इस मामले की जांच जारी है। अब उसी समूह के एक अन्य रूसी टूरिस्ट के मृत पाए जाने से ओडिशा पुलिस ने जांच की गति बढ़ा दी है। शर्मा ने कहा कि जानकारी के मुताबिक व्लादिमीर की मौत से एंटोव उदास था।

21 दिसम्बर को होटल पहुंचे थे चार टूरिस्ट

पुलिस अधीक्षक शर्मा के हवाले से बताया, “रूस के चार लोग 21 दिसंबर को रायगढ़ जिले के एक होटल में रहने के लिए आए थे। 22 दिसंबर की सुबह उनमें से एक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पता चला कि दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई थी। यहीं उनका अंतिम संस्कार किया गया। तब से उनके दोस्त पावेल एंटोव उदास थे। उनकी भी 25 दिसंबर को रहस्यमयी मौत हो गई। यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि क्या वह आत्महत्या से मरा या वह गलती से छत से गिर गया।”

रूसी पर्यटकों के गाइड जितेंद्र सिंह के हवाले से बताया कि 61 वर्षीय बी व्लादिमीर बीमार थे और गुरुवार सुबह बेहोशी की हालत में पाए गए थे। सिंह ने कहा, “उन्होंने बहुत अधिक शराब का सेवन किया होगा। क्योंकि उनके पास शराब की बोतलें थीं। वह दिल के मरीज  थे और उनके पास दवाइयां थीं। उसका दूसरा दोस्त भी शराब  पी रहा था।’ होटल के मालिक ने कहा कि 21 दिसंबर को आए चार रूसी पर्यटकों में दो की मौत हो गई है। दो अभी होटल में ही हैं। रूसी दूतावास से दस्तावेजों के आने के बाद वे लोग वापस जा सकते

वहीं होटल के रिसेप्शनिस्ट  बिजय कुमार स्वैन ने कहा कि रूसी पर्यटकों ने अपने ट्रैवल एजेंट के साथ 21 दिसंबर को शाम करीब 4.30 बजे चेक इन किया। सभी पर्यटक नशे में थे और उनके पास शराब की बोतलें थीं। रिसेप्शनिस्ट ने कहा, “उनमें से एक  की रात में मौत हो गई थी। उसके बाद मृतक के दोस्त और रूममेट पावेल एंटोव की भी मौत हो गई। हमें नहीं पता कि उसने आत्महत्या की या तीसरी मंजिल से गिर गया।”

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button