ज्वेलरी दुकान से लाखों के जेवर पार करने वाली महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक 12 मार्च को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में एक महिला और एक युवक सोने का रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे। खरीदारी के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, चांद बाली, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया पहन ली और यह कहकर बाहर चली गई कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है। काफी देर तक वापस नहीं आने पर दुकानदार को शक हुआ। इस दौरान साथ आया युवक भी भागने की कोशिश करने लगा, जिसे मौके पर पकड़ लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला आरोपी को दुर्ग शहर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने का रानी हार, चांद बाली, अंगूठी, चांदी की पायल और बिछिया समेत घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 33 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली कमलेश्वरी साहू और रायपुर जिले के अभनपुर निवासी मेषराम साहू शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।




