कलयुगी पिता बना हैवान: 5 साल के मासूम बेटे को नहर में डुबोकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपने ही 5 वर्षीय मासूम बेटे को नहर के गहरे पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैसो का है, जहां रहने वाले 27 वर्षीय रेशम लाल यादव ने अपने ही बेटे आयुष की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके चली गई थी, जबकि बेटा आयुष पिता के साथ ही रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी अक्सर अपनी पत्नी को फोन कर बेटे को मारने और खुद भी जान देने की धमकी देता था। 13 मार्च की शाम आरोपी बेटे को लेकर निकला और 14 मार्च की रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा नहर में उसे डुबोकर हत्या कर दी।घटना के बाद आरोपी खुद रात करीब 2 बजे पत्नी के घर पहुंचा और बेटे की हत्या करने की बात बताई। सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन सारथी सहित पामगढ़ थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।




