अनियंत्रित होकर खड़े वाहन से टकराई स्कूटी, एक युवक की मौत दो घायल…..

रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन युवक इलेक्ट्रिक स्कूटर CG 04 NW 3417 में सवार होकर शहर में घूम रहे थे। तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण स्कूटर अचानक सड़क किनारे खड़े टाटा एस वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में महेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। महेश कटोरा तालाब के रहने वाले थे और पेशे से पैथोलॉजी लैब टेक्नीशियन थे। उनके साथ सवार यश शर्मा और रूपेश साहू गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज मेकहारा अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। तेलीबांधा थाना प्रभारी ने मृतक और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है।
हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। महेश यादव के सहयोगी और परिचित उन्हें शांत और जिम्मेदार व्यक्ति बताते हैं। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है।तेलीबांधा के इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई, और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हम आगे की जांच और अपडेट आपको जल्द ही बताएंगे।




