पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों का हुआ सम्मान….

जशपुर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन (रक्षित केंद्र) में पुलिस स्मृति दिवस बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, पद्मश्री जागेश्वर राम यादव, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह, सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।
जिले के कुल 56 शहीद परिवारों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की दो टुकड़ियों ने परेड कर शहीदों को सलामी दी। पूरे भारत में 1 सितंबर 2024 से 31 अगस्त 2025 के बीच शहीद हुए 191 पुलिस जवानों के नामों का स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विधायक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और उनके हाल-चाल जाना। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा — “हमारे शहीद पुलिसकर्मियों ने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनकी शहादत हमें कर्तव्य और देशभक्ति की प्रेरणा देती है। पुलिस विभाग सदैव उनके परिवारों के साथ खड़ा है।”
कार्यक्रम के बाद शहीदों के परिजनों को भोजन कराया गया और उन्हें ससम्मान उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। वहीं जिले के उन विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं, जहाँ कभी शहीद पुलिसकर्मी अध्ययनरत रहे थे।
हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में भारत के 10 पुलिस जवान शहीद हुए थे। उनके इस बलिदान की स्मृति में देशभर में इस दिन शहीद दिवस परेड और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।




