नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, शराब की अवैध तस्करी करते तस्कर गिरफ्तार, लाखों की शराब जब्त

जशपुर पुलिस ने एक बार फिर नशे के काले कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। ऑपरेशन “आघात” के तहत तीसरी बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से 51 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस मामले में राजस्थान के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 4 अगस्त 2025 — जशपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी उस वक्त मिली, जब मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे 43 पर ग्राम आगडीह के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 734 कार्टून में भरी 6588 लीटर अंग्रेजी शराब पाई गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 51 लाख रुपए है। इस शराब को पंजाब के चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक क्रमांक UP12AT1845 को जप्त करते हुए चालक चिमा राम, निवासी बायतु, बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया है।
SSP शशिमोहन सिंह ने बताया कि : “जशपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों पर निगरानी रख रही है। इस केस में अंतरराज्यीय सिंडिकेट की भूमिका सामने आ सकती है, जिसकी जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ट्रक चंडीगढ़ से मिला था और रांची तक ले जाने के लिए 45,000 रुपये दिए गए थे। रांची पहुंचने के बाद दूसरा व्यक्ति ट्रक को लेकर बिहार जाने वाला था।जांच में यह भी सामने आया है कि इस सिंडिकेट के सदस्य ड्राइवरों को सिर्फ ट्रक चलाने की जिम्मेदारी देकर असली माल की जानकारी नहीं देते थे, ताकि वे कानूनी जांच में बच सकें। ट्रक को उन्हीं रास्तों से भेजा जाता जहां पुलिस व टोल नाके कम हों।इससे पहले भी जशपुर पुलिस ने इसी प्रकार की कार्रवाई में दो ट्रकों से एक करोड़ रुपए से अधिक की शराब जब्त की थी।
जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ है कि नशे के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” पूरे दमखम के साथ चल रहा है। ऐसे अपराधियों के लिए अब छत्तीसगढ़ की सरज़मीं सुरक्षित नहीं रही।




