ऑपरेशन शंखनाद: पुलिस ने गौ तस्करों के चंगुल से 20 गौवंश छुड़ाए, एक गिरफ्तार, पिकअप जब्त

जशपुर पुलिस की सख्ती से गौ तस्करों पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने अलग–अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में एक गौ तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, वहीं एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
पहला मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति डूमरटोली जंगल के रास्ते गौवंशों को बेरहमी से पीटते हुए पैदल झारखंड ले जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर 10 गौवंशों को सकुशल बरामद किया। आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी पहचान डूमरटोली निवासी अजीत राम के रूप में हुई। बाद में पुलिस ने उसके घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गौ तस्करी की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
दूसरा मामला थाना लोदाम क्षेत्र का है, जहां पिकअप वाहन में गौ तस्करी की सूचना पर पुलिस ने रात में नाकाबंदी की। पुलिस को देखते ही तस्कर पिकअप छोड़कर फरार हो गए। पिकअप से रस्सियों से बंधे 10 गौवंश बरामद किए गए, जिनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इस दौरान पिकअप वाहन क्रमांक JH-02-BS-4348 को भी जब्त किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से गौ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




