दो मंदिर में हुए चोरी का खुलासा, 1.75 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद, दो गिरफ्तार

मुंगेली पुलिस ने मंदिरों में हुई दो चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 75 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी पहले से ही दूसरे प्रकरण में जेल में बंद हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत लालपुर थाना पुलिस और साइबर टीम ने ग्राम कंतेली और कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिरों में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाई। पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्वनी आहिरे और चोरी का सामान छिपाने वाली चंपाबाई गोस्वामी को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर दोनों मंदिरों में चोरी की थी। आरोपी ने कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर में भी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से देवी प्रतिमा के सोने-चांदी के मुकुट, करधन, माला और अन्य आभूषण सहित कुल 1 लाख 75 हजार रुपये का माल बरामद कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




