बिलासपुरमुंगेली

वन मंत्री केदार कश्यप ने अचानकमार टाइगर रिजर्व का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने शुक्रवार को अचानकमार टाइगर रिज़र्व का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटक मार्ग, रिसॉर्ट, चारागाह क्षेत्र और वन्यजीव गतिविधियों का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

Advertisement

मंत्री केदार कश्यप सुबह अचानकमार टाइगर रिज़र्व लोरमी पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पर्यटक मार्ग का निरीक्षण किया और फिर हाथी कैंप सिहावल सागर—जहां मनियारी नदी का उद्गम स्थल है—का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधार और दिशा-निर्देश दिए।

Advertisement

इसके बाद मंत्री अचानकमार ग्राम पहुंचे, जहां स्थानीय ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मंत्री ने शिवतराई पहुँचकर बैगा रिसॉर्ट, कैन्टीन और सोविनियर शॉप के संचालन की स्थिति की समीक्षा की। स्थानीय महिला समूहों ने भी मंत्री का स्वागत किया, बैगा रिसॉर्ट की आमदनी बढ़ाने के लिए मंत्री ने बिलासपुर और रायपुर के होटल संचालकों एवं टूर ऑपरेटरों के साथ बैठक की। उन्हें सुझाव देने और रिज़र्व के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने कहा कि रोड मैपिंग और वाटर बॉडी मार्किंग के बाद नए पर्यटन रूट तैयार किए जाएँ, जिससे पर्यटकों को वन्यजीवों की बेहतर साईटिंग मिल सके। उन्होंने चारागाह विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया और खाद्य घास प्रजातियों के बीज संग्रहण सहित सभी गतिविधियों पर संतोष जताया।

यह इस वर्ष मंत्री का अचानकमार टाइगर रिज़र्व का दूसरा दौरा है। उन्होंने 19 मई को दिए गए निर्देशों की समीक्षा भी की और किए गए कार्यों की सराहना की, उन्होंने कहा कि रिज़र्व के विकास से न सिर्फ पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस दौरान प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पांडे, मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडे, उप संचालक गणेश यू.आर. सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button